चुनाव के लिए जनप्रतिनिधियों ने किया दौरा
पंचायती राज चुनाव में अब जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के प्रत्याशियों के समर्थन में राजनीतिक दिग्गज भी मैदान में उतर आए हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में जनप्रतिनिधि अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोगों से मतदान की अपील की । एक ओर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीना और खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं और जनसंवाद कर रहे हैं। दूसरी ओर पूर्व विधायक दानिश अबरार कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। इससे पंचायत चुनाव का मुकाबला और रोचक हो गया है। सूरवाल में कृषि मंत्री ने की जनसभा सूरवाल में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीना ने गुरुवार को मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विधानसभा चुनाव के दौरान जनसमूह उमड़ा था, उसके बाद अब ऐतिहासिक जनसमूह का उमड़ना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि जनता का विश्वास सिर्फ और सिर्फ विकास के साथ है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन और मत देने का आह्वान किया। इसी प्रकार भगवतगढ़, भेड़ोला और चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में भी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार तेज हुआ। भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने गांवों में पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। । दूसरी ओर पूर्व विधायक दानिश अबरार ने पंचायत चुनाव में अपने समर्थित प्रत्याशियों को जिताने के लिए क्षेत्र में जनसंपर्क शुरू किया है। उन्होंने मतदाताओं से अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में राजनीतिक दलों के साथ प्रमुख जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से चुनावी माहौल गरमा गया है। अब प्रत्याशियों की जीत-हार में दिग्गज नेताओं के जनसंपर्क और उनके प्रभाव की भी परीक्षा होगी। विधायक गोठवाल ने सात गांवों में किया जनसंवाद खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल ने सवाई माधोपुर क्षेत्र के आटून कला, आटून खुर्द, खिदरपुर, घुड़ासी, करेला, खेड़ली और धमून खुर्द गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं, क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने ग्रामीणों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से मिल रहा स्नेह और समर्थन भाजपा के प्रति विश्वास को दर्शाता है। क्षेत्र में विकास और सुशासन को आगे बढ़ाने के लिए सभी भाजपा प्रत्याशियों को अपना अमूल्य मत देकर विजयी बनाएं।
मूल लेख पढ़ें
यह खबर bhaskar.com से ली गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए नीचे दिए बटन पर क्लिक करें।



